एसीएस के आदेश को ठेंगा! जनगणना ड्यूटी के नाम पर स्कूलों से गायब रहे शिक्षक

जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षक पहले विद्यालय में शिक्षण कार्य सुनिश्चित करेंगे, उसके बाद ही अन्य कार्य करेंगे

-मार्क ऑन ड्यूटी से बनी हाजरी, पढ़ाई छोड़ विभागीय निर्देशों की अनदेखी

ठाकुरगंज

राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को हर हाल में सुचारु रखने के निर्देश दिए जाने के बावजूद नगर क्षेत्र के कई विद्यालयों में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं . आरोप है कि गुरुवार को कई शिक्षक विद्यालय पहुंचे बिना ही ई-शिक्षा कोष ऐप में मार्क ऑन ड्यूटी दर्ज कर अपनी उपस्थिति बना रहे हैं, जबकि छात्र बिना पढ़ाई के लौटने को मजबूर हो रहे हैं. मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव के द्वारा स्पष्ट आदेश जारी कर कहा गया था कि जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षक पहले विद्यालय में शिक्षण कार्य सुनिश्चित करेंगे, उसके बाद ही अन्य कार्य करेंगे. बावजूद इसके गुरुवार को नगर क्षेत्र के कई विद्यालयों में आदेश का पालन जमीन पर नहीं दिखा.

स्कूल खाली, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों का आरोप है कि जनगणना के कारण कई विद्यालय शिक्षक विहीन हो गये है . शिक्षक स्कुल नहीं पहुंच रहे हैं. इस बीच ई-शिक्षा कोष में मार्क ऑन ड्यूटी के माध्यम से उपस्थिति दर्ज होती रही .अभिभावकों का कहना है कि पहले ही सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं, ऊपर से जनगणना कार्य की आड़ में शिक्षण व्यवस्था और कमजोर हो रही है . बच्चों की नियमित कक्षाएं प्रभावित होने लगी हैं.

विभागीय आदेश की खुली अनदेखी

शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया था कि विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. जनगणना सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों को इस प्रकार संचालित करने को कहा गया था ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो. इसके बावजूद कई शिक्षकों द्वारा सीधे मार्क ऑन ड्यूटी दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित रहने की चर्चा अब शिक्षा विभाग तक पहुंच चुकी है . विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की जांच होने पर संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है.

बड़ा सवाल, आदेश के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब एसीएस स्तर से स्पष्ट आदेश जारी था, तब भी उसका पालन सुनिश्चित क्यों नहीं कराया गया. यदि शिक्षक विद्यालय पहुंचे बिना ही ऑन ड्यूटी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, तो इसकी निगरानी कौन कर रहा है. शिक्षा व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच यह मामला अब प्रशासनिक जवाबदेही और ई-शिक्षाकोष प्रणाली की पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि विभागीय आदेश का अक्षरशः पालन होगा. गुरुवार को जनगणना कार्य में जुटे ऐसे शिक्षक जिन्होंने मार्क ऑन ड्यटी से हाजरी बनाई है उन पर कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >