बीआरसी व सीआरसी जाने के नाम पर अधिकांश प्रधान शिक्षक हाजरी बनाकर हो जाते है गायब
ठाकुरगंज.ठाकुरगंज प्रखंड के सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं . ग्रामीण क्षेत्रों की तो बात छोड़ दिया जाए नगर क्षेत्र के स्कुलो के शिक्षक मनमानी से बाज नहीं आ रहे है . गुरुवार को ठाकुरगंज नगर के वार्ड 2 में अवस्थित प्राथमिक विद्यालय लोधाबाड़ी तीन बजे ही बंद पाया गया. और तो और इस स्कूल में प्राथमिक विद्यालय सागडाला मर्ज है. दोनों के शिक्षक 3 बजे ही स्कूल बंद कर घर चले गये.बताते चले प्रखंड शिक्षा कार्यालय से 200 मीटर दूरी पर अवस्थित यह स्कूल प्रतिदिन इसी तरह बंद हो जाता है . स्कूल परिसर में खेल रहे बच्चों ने बताया कि रोज स्कूल दो बजे के बाद कभी भी बंद कर दिया जाता है. वहीं प्रधान शिक्षिका जो बागडोगरा से आती है और एक बजे स्कूल से निकल जाती है. यह हाल नगर क्षेत्र का है तो ग्रामीण इलाको का क्या हाल होता होगा. ग्रामीणों ने बताया कि इस विद्यालय के आस-पास के अधिकांश विद्यालयों में प्रधान शिक्षक व स्थानीय शिक्षक व टोला सेवक हाजिरी बनाकर चले जाते हैं. दो चार शिक्षक ही विद्यालय में रहते है.विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुचारू ढंग से नहीं चल रहा है. इतना ही नहीं अधिकांश प्रधान शिक्षक बीआरसी और सीआरसी के बहाने हाजिरी बनाकर चले जाते है. विद्यालय में सुचारूप से जांच नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है.
बताते चले यही कारण है कि गांव में शिक्षकों की लापरवाही के कारण पढ़ाई व्यवस्था ठप होने से अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं . एक तरफ सरकार सरकारी स्कूलों में बच्चों को आकर्षित करने के लिए ड्रेस से लेकर किताबें, साइकिल, छात्रवृत्ति मध्याह्न भोजन योजनाएं संचालित कर रहा है. इसके बावजूद शिक्षकों की मनमानी के कारण बंद स्कूलों के नजारे आम हो गए हैं.क्या कहते है अधिकारी
इस मामले में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवदेश शर्मा ने बताया कि दोनों स्कूलों के सभी शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है. और समय से पहले स्कूल बंद किये जाने के मामले में कार्रवाई की जाएगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
