बिहार में शिक्षक दिवस मनाने का बदला नियम, शिक्षा विभाग सीधे प्रसारण पर रखेगा डिजिटल नजर

बिहार में शिक्षक दिवस मनाने का तरीका बदल गया है. इस बार स्कूलों में सीधा प्रसारण दिखाने का आदेश है और विभाग डिजिटल तरीके से इसकी निगरानी करेगा. स्कूलों को प्रसारण की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी और शाम 5 बजे तक रिपोर्ट देनी होगी.

किशनगंज, ठाकुरगंज. शिक्षक दिवस मनाने की तैयारी इस बार सिर्फ मंच, माला और भाषण तक सीमित नहीं रहेगी. स्कूलों में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चलेगा और दूसरी ओर विभाग की नजर इस बात पर होगी कि सीधा प्रसारण वास्तव में कितने विद्यालयों में दिखाया गया. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक धर्मेंद्र कुमार, आईएएस ने 31 अगस्त 2026 को सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र जारी कर पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और केजीबीवी में दिखाना होगा सीधा प्रसारण

आदेश के अनुसार जिले के स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब से आच्छादित सभी विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षक दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाना होगा. शिक्षक दिवस कार्यक्रम के प्रसारण का लिंक अलग से साझा किया जाएगा. इसके बाद संबंधित विद्यालयों को निर्धारित व्यवस्था के तहत कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विद्यार्थियों तक पहुंचाना होगा.

सिर्फ टीवी चलाने से काम नहीं चलेगा, फोटो भी करना होगा अपलोड

विभाग ने सीधा प्रसारण दिखाए जाने का प्रमाण भी मांगा है. विद्यालयों को ट्रैकर पोर्टल पर कार्यक्रम के सीधा प्रसारण के दौरान ली गई तस्वीरें अपलोड करनी होंगी. यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल में सिर्फ प्रसारण की व्यवस्था कर देना पर्याप्त नहीं होगा. विभाग तक यह प्रमाण भी पहुंचाना होगा कि संबंधित विद्यालय में वास्तव में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया.

कितने स्कूलों में प्रसारण हुआ, विभाग मांगेगा पूरा आंकड़ा

जिले को यह जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी कि कुल कितने आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास संचालित हैं और उनमें से कितने स्थानों पर शिक्षक दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया. इससे विभाग को जिलेवार यह जानकारी मिल सकेगी कि आदेश का वास्तविक स्तर पर कितना पालन हुआ.

शाम पांच बजे तक देना होगा अनुपालन का ब्योरा

विभाग ने शिक्षक दिवस के दिन ही शाम पांच बजे तक निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. इस रिपोर्ट में स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब की संख्या के साथ उन विद्यालयों का विवरण भी शामिल होगा, जहां कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया.

शिक्षक दिवस के साथ विभागीय मॉनिटरिंग भी

अब शिक्षक दिवस पर एक ओर विद्यालयों में शिक्षकों के सम्मान और उत्सव का माहौल होगा, वहीं दूसरी ओर विभागीय स्तर पर आदेश के अनुपालन की निगरानी भी होगी. फोटो अपलोड और निर्धारित समय में रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था से यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने विद्यालयों में सीधा प्रसारण दिखाया गया. आदेश के बाद स्कूलों के सामने कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ प्रसारण, फोटो अपलोड और आंकड़े उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी तय हो गई है.

Also Read: बिहार के इन 6 जिलों में बिछेगी डबल रेल लाइन, दिल्ली-गुवाहाटी जाना होगा बेहद आसान, लाखों यात्रियों को फायदा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बच्छराज

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >