शिक्षिका निधि की जीवन गाथा पाठ्यपुस्तक में शामिल

शिक्षा विभाग के प्रकाशित पुस्तक "छोटे कदम बड़े बदलाव " में जिले की शिक्षिका कुमारी निधि की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को स्थान दिया गया है

पहाड़कट्टा शिक्षा विभाग के प्रकाशित पुस्तक “छोटे कदम बड़े बदलाव ” में जिले की शिक्षिका कुमारी निधि की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को स्थान दिया गया है. यह पूरे जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय माना जा रहा है. इस पुस्तक का विमोचन गुरुवार को एससीईआरटी बिहार, पटना में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार तथा अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्द्र करेंगे. इस संबंध में परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ किशनगंज के जिलाध्यक्ष शाहनवाज राही ने बताया कि यह पुस्तक सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के प्रयासों, नवाचारों और शैक्षणिक अनुभवों की वास्तविक कहानियों का संकलन है. पीबीएल प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम के जिला तकनीकी समूह की सक्रिय सदस्य कुमारी निधि के कार्यों को भी शामिल किया गया है. वे अपने नवाचारपूर्ण शिक्षण तरीकों से बच्चों को निरंतर सीखने से जोड़े रखती हैं .उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कुमारी निधि पोठिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बिरानाबाड़ी में बतौर प्रधानाध्यापिका के पद पर पदस्थापित है. शिक्षिका कुमारी निधि ने अपने जीवन में कभी हार नहीं मानी और शिक्षा के प्रसार हेतु ग्रामीण क्षेत्रों को कार्यक्षेत्र के रूप में चुना है, उनकी अब तक 10 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें साझा संकलन, उपन्यास, कविता संग्रह तथा बाल कथाओं के संकलन शामिल हैं. शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें नेपाल और बांग्लादेश से भी सम्मान प्राप्त हो चुका है. कुमारी निधि ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है. उन्होंने बताया कि जिला प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग पीबीएल की टीम के सदस्य आनंद कुमार, इन्हेसार राही तथा सत्येंद्र कुमार के साथ मिलकर निरंतर शैक्षणिक नवाचारों पर कार्य किया जा रहा है. टीमवर्क, समर्पण और साझा दृष्टि के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है. कुमारी निधि की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता की कहानी है, बल्कि यह दर्शाती है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े शैक्षणिक बदलाव का आधार बन सकते है. उनकी यात्रा आज अनेक शिक्षकों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >