ठाकुरगंज (किशनगंज) : डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध के मामले भी बढ़ रहे हैं. विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस की ओर से कुर्लीकोट थाना क्षेत्र स्थित पीकू स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया गया. एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित अभियान में पुलिस कर्मियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी.
बैंक अधिकारी बनकर कर सकते हैं ठगी
पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, पुलिस कर्मी, कंपनी कर्मचारी या परिचित बनकर फोन कर सकते हैं. ऐसे लोगों के झांसे में आकर किसी भी तरह की गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासवर्ड, यूपीआइ पिन और अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने की सलाह दी गयी.
ओटीपी और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान
विद्यार्थियों को ओटीपी की गोपनीयता के बारे में विशेष रूप से जानकारी दी गयी. पुलिस ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए. साइबर अपराधी इनाम, नौकरी, छात्रवृत्ति, केवाइसी अपडेट और आकर्षक प्रस्ताव के नाम पर मोबाइल पर संदिग्ध लिंक भेज सकते हैं. ऐसे लिंक को खोलने या उसमें निजी अथवा बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचना चाहिए.
सामाजिक माध्यमों के इस्तेमाल में भी सतर्कता जरूरी
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गयी. पुलिस ने अनजान लोगों की मित्रता का अनुरोध स्वीकार नहीं करने, निजी तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं करने तथा संदिग्ध संदेशों का जवाब नहीं देने की सलाह दी. खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड और जरूरी सुरक्षा व्यवस्था अपनाने पर भी जोर दिया गया.
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं और इसकी जानकारी तत्काल अभिभावकों तथा पुलिस को दें. किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने और समय रहते शिकायत करने की अपील की गयी.
पुलिस के अनुसार, स्कूली स्तर से ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने से उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचाने के साथ-साथ वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक कर सकेंगे.
