एसएसबी चौकस, इंडो-नेपाल सीमा आज से 11 तक सील

शनिवार को एसएसबी 12वीं वाहिनी की “एफ” समवाय दिघलबैंक में सहायक कमांडेंट प्रियरंजन चकमा की अध्यक्षता में ग्रामीण समन्वय बैठक हुई

दिघलबैंक. शनिवार को एसएसबी 12वीं वाहिनी की “एफ” समवाय दिघलबैंक में सहायक कमांडेंट प्रियरंजन चकमा की अध्यक्षता में ग्रामीण समन्वय बैठक हुई. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसमें भाग लिया और आमंत्रण के लिए खुशी व धन्यवाद व्यक्त की. बैठक में सहायक कमांडेंट ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा को नौ नवंबर से 11 नवंबर 2025 की रात तक पूर्णतः सील कर दी गयी है. इस अवधि में सीमा पार आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि मतदान के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें, किसी प्रकार की अराजकता या अफवाहों से दूर रहें और लोकतंत्र के इस पर्व में जिम्मेदारी से हिस्सा लें. बैठक में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा समाज में नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मानव तस्करी पर रोक जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. सहायक कमांडेंट चकमा ने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, घुसपैठ और तस्करी पर रोक लगाने में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते देशद्रोही या उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके. बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों में राष्ट्रीय सुरक्षा, जनजागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना था.कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने एसएसबी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.बैठक में वार्ड सदस्य विकास कुमार,मनीर आलम सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >