आरओबी के पास डिवाइडर से टकराया तेज रफ्तार कंटेनर, बड़ा हादसा टला
आरओबी के पास डिवाइडर से टकराया तेज रफ्तार कंटेनर, बड़ा हादसा टला
एनएच 327ई पर मची अफरा-तफरी, दुर्घटना के बाद लगा लंबा जाम, क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर बहाल कराया गया यातायात
ठाकुरगंज. एनएच पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को ठाकुरगंज रेलवे ओवरब्रिज के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भारी मालवाहक कंटेनर ट्रक एनएच 327ई से बेहद तेज गति से गुजर रहा था. इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक सीधे हाईवे के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया. टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के दुकानदार व राहगीर दहल गए. दुर्घटना में ट्रक का केबिन पिचक कर दब गया. हादसे को देखते ही भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी. सड़क पर कंटेनर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एनएच 327ई पर दोनों ओर से गाड़ियों का परिचालन ठप हो गया. जाम की स्थिति बन गयी. स्थानीय सजग नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत ठाकुरगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची. इसके बाद स्थानीय लोगों व क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे के बीच से हटाकर किनारे किया गया. इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से सामान्य कराया जा सका. इस भयावह टक्कर के बावजूद ट्रक के चालक व खलासी की जान चमत्कारिक रूप से बच गयी है. दोनों को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.