Kishanganj, प्रभार विवाद में उलझा स्कूल, बंद हुआ मध्याह्न भोजन

प्रभार विवाद में उलझा स्कूल, बंद हुआ मध्याह्न भोजन

जनगणना ड्यूटी, शिक्षकों की कमी और गंदगी से बिगड़ी व्यवस्था, 498 में केवल 148 बच्चे पहुंचे स्कूल

किशनगंज ठाकुरगंज से बच्छराज नखत की रिपोर्ट,

ठाकुरगंज प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय की स्थिति दिनोंदिन बदहाल होती जा रही है. प्रभारी प्रधानाध्यापक के प्रभार विवाद का असर अब सीधे बच्चों की पढ़ाई, मध्याह्न भोजन और विद्यालय की साफ-सफाई पर पड़ रहा है. विद्यालय में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जबकि शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा है. इससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.जानकारी के अनुसार विद्यालय में कुल 11 मूल शिक्षक पदस्थापित हैं. इनमें एक शिक्षक को बच्चों से विवाद के बाद नगर क्षेत्र के दूसरे विद्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है. वहीं तीन शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों से यहां प्रतिनियुक्त किया गया है. इस प्रकार वर्तमान में विद्यालय में कुल 14 शिक्षक कार्यरत हैं.

हालांकि जनगणना कार्य शुरू होने के बाद विद्यालय की स्थिति और खराब हो गई है. 14 शिक्षकों में से 9 शिक्षक जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त कर दिए गए हैं. ऐसे में विद्यालय में पढ़ाई से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है.

विद्यालय में नामांकित 498 छात्र-छात्राओं में शनिवार को केवल 148 बच्चे ही उपस्थित पाए गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि मध्याह्न भोजन बंद रहने, शिक्षकों की कमी और विद्यालय की गंदगी के कारण बच्चों की उपस्थिति लगातार घट रही है.

विद्यालय परिसर में कई जगह कचरा फैला हुआ है. शौचालयों की सफाई नहीं होने से वहां गंदगी का अंबार लगा है और दुर्गंध के कारण बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है. अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी पत्र में प्रभारी प्रधानाध्यापिका कविता पोद्दार पर केवल शैक्षणिक प्रभार लेने तथा वित्तीय प्रभार नहीं लेने का आरोप लगाया गया है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने दो दिनों के भीतर पूर्ण वित्तीय प्रभार लेने का निर्देश दिया है. आदेश की अवहेलना करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

मामले में तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रधानाध्यापिका कविता पोद्दार का वेतन भी स्थगित कर दिया गया है. विद्यालय की बिगड़ती व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >