ठाकुरगंज. जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-327 ई पर इन दिनों मरम्मत कार्य चल रहा है. सड़क के अलग-अलग हिस्सों में खुदाई के बाद पिचिंग कार्य होना है लेकिन इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. बताते चले मेगल चौक से कलवर्ट चौक ओवरब्रिज तक सड़क का एक लेयर उखाड़ दिया गया है. इस दौरान कलवर्ट चोक ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड जाने वाले पथ पर सड़क का लेयर लगभग दो इंच ऊपर रहने और उस स्थल पर इस बात की जानकारी नहीं रहने के कारण सर्विस रोड पर जाने वाले लगभग आधे दर्जन दोपहिए वाहन चालक बुधवार रात दुर्घटना के शिकार हुए. जिसमे गंभीर रूप से घायल कई लोगों को सिलीगुड़ी रेफर किया गया . वही निर्माण एजेंसी की मनमानी के कारण लोगो में काफी गुस्सा देखा गया. लोगो ने कहा कि न ही परिवर्तित मार्ग या रुकने जैसे दिशा-निर्देशों के बोर्ड नहीं लगाए गए हैं. इसके अलावा सेफ्टी कोन और रेडियम वाले ड्रम भी नदारद हैं, जिससे रात के समय निर्माणाधीन क्षेत्र स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था और वाहन चालक इस कारण दुर्घटना के शिकार हुए.
दो स्थानों पर किया जा रहा मरम्मत
गलगलिया से ठाकुरगंज होते हुए अररिया जाने वाले इस एनएच 327 ई पर पिपरिथान से सियालडांगा और मैगलचोक से कलवर्ट तक जहां सड़क ज्यादा खराब हो चुकी थी वहां फाइनल लेयर सड़क को पूरी तरह उखाड़ कर उसे पिचिंग करने का निर्णय निर्माण एजेंसी जीआर इन्फ्रा ने लिया है. हालांकि मरम्मत कार्य के दौरान सेफ्टी कोन की अनदेखी पर निर्माण एजेंसी ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. जबकि स्थानीय नागरिको ने कहा की जब मुख्य सड़क से गाड़ियां सर्विस लेन में जा रही है उस स्थल पर सेफ्टी कोन सहित सुरक्षा ड्रम और बोर्ड लगाये जाने चाहिए. लेकिन यह नहीं होने से रात के समय निर्माणाधीन क्षेत्रों में सेफ्टी कोन, रेडियम चिपके ड्रम और सांकेतिक बोर्ड न होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार काम चलने के बाद भी निर्माण कंपनी सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है.क्या कहते है अधिकारी
इस मामले में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर प्रवीण कुमार कटियार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है . निर्माण एजेंसी को हिदायत दी गई है हर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मापदंडो का ध्यान रखा जाय.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
