रोशनी परवीन हत्याकांड में कांग्रेस नेताओं ने उठाई फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

किशनगंज के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में रोशनी परवीन हत्याकांड को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाया है. उन्होंने घटना के बाद से फरार चल रहे सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. इस मामले में मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप है.

किशनगंज : पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी गांव में रोशनी परवीन हत्याकांड को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. सांसद प्रतिनिधि परवेज रजा ने कहा कि घटना के बाद से मामले में कई आरोपी फरार हैं, ऐसे में पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.

‘फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जरूरी’

सांसद प्रतिनिधि परवेज रजा ने कहा कि रोशनी परवीन को न्याय दिलाने के लिए सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी जरूरी है. उन्होंने पुलिस से मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की.

इस दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू, जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम, मनोज पासवान, सजल कुमार साहा, अमजद समेत अन्य मौजूद रहे.

क्या है पूरा मामला?

मालूम हो कि 28 अगस्त को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी गांव स्थित एक घर से विवाहिता रोशनी परवीन (25) का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला था. मृतका की शादी करीब छह वर्ष पहले पोठिया प्रखंड के दामलबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या 9 निवासी परवेज आलम से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी.

मृतका के भाई सनफराज ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने रोशनी की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया. मामले में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 222/26 दर्ज किया गया है.

कांड में पति परवेज आलम, ससुर नुरुल हक, सास रहीमा खातून और देवर इजहार आलम को नामजद आरोपी बनाया गया है.

पुलिस ने गुरुवार को आरोपी ससुर नुरुल हक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं घर के अन्य सदस्य घर में ताला लगाकर फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >