1.47 करोड़ की सड़क छह माह में ही हुई ध्वस्त

1.47 करोड़ की सड़क छह माह में ही हुई ध्वस्त

गुणवत्ता पर उठे सवाल, न मेटल सही से बिछा, न बिटुमेन का हुआ उचित प्रयोग

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विशाल राज से की जांच व कार्रवाई की मांग

पहाड़कट्टा. विकास के दावों व सरकारी दांव-पेंच के बीच किशनगंज के पोठिया प्रखंड से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है. पोठिया प्रखंड की सारोगोरा पंचायत के छमठिया गांव से चोरोगद्दी जाने वाली पक्की सड़क निर्माण के महज छह महीने के भीतर ही अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है. लगभग 1.47 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनी यह सड़क अब जगह-जगह से टूटकर ध्वस्त होने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं.

कागजों पर ”पक्की”, जमीन पर ”खस्ताहाल”

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत इस 1.457 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण संवेदक विकास कुमार गुप्ता द्वारा कराया गया था. कार्य अगस्त 2024 में शुरू हुआ व 2025 में इसे आनन-फानन में पूर्ण घोषित कर दिया गया. गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का जिम्मा ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल किशनगंज-2 के कार्यपालक अभियंता का था, लेकिन विभाग की चुप्पी ग्रामीणों के संदेह को और गहरा कर रही है.

ग्रामीणों का आरोप, मानक की जमकर हुई अनदेखी

छमठिया व चोरोगद्दी के ग्रामीण मो असिरुल हक, मजरुल आलम, कमरुल, इसरूद्दीन व सुल्तान सहित दर्जनों लोगों ने निर्माण कार्य में धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान न तो मानक के अनुसार मेटल बिछाया गया, न ही पिचिंग के समय बिटुमेन इमल्शन का सही ढंग से उपयोग हुआ. सड़क का पश्चिमी हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है, जो अब चार पहिया वाहनों के लिए दुर्घटना का सबब बन रहा है. यह सड़क भोटाथाना, बुढ़नई व सारोगोरा पंचायत के लिए ”लाइफलाइन” मानी जाती है. दशकों के इंतजार के बाद बनी सड़क के टूटने से ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है.

बरसात से पहले मरम्मत की गुहार

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बरसात के मौसम से पहले इस सड़क की ठोस मरम्मत व जांच नहीं करायी गयी, तो यह पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी व आवागमन ठप हो जाएगा. ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी विशाल राज का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच व दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >