किशनगंज में बिजली व्यवस्था व विकास योजनाओं की समीक्षा

किशनगंज में बिजली व्यवस्था व विकास योजनाओं की समीक्षा

प्रभारी मंत्री ने कहा-गर्मी में न हो अनावश्यक कटौती, हर खेत तक पहुंचाएं बिजली

जिला परिषद के मेची सभागार में हुई उच्च स्तरीय बैठक, उद्योगों के विकास के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर, पौआखाली के विकास का मुद्दा भी छाया

किशनगंज. बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री सह किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल की अध्यक्षता में जिला परिषद स्थित मेची सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इसमें नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के अधिकारियों के साथ जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में जीएसएस, एवरेज पावर अवेलेबिलिटी, विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना, स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टॉलेशन व सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की गयी.

बरसात व गर्मी में सुचारू रहे बिजली आपूर्ति, हर खेत को पानी प्राथमिकता

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि वर्तमान गर्मी के मौसम में अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए. साथ ही बरसात के समय भी विद्युत आपूर्ति में कोई बाधा न आये, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिक योजनाओं में हर खेत तक बिजली पहुंचाना एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है, इस कार्य में तेजी लाएं. प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास की सबसे अधिक संभावना किशनगंज जिले में है, इसलिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है.

पुराने सरकारी भवनों के सोलर प्लेट ऑन-ग्रिड में होंगे तब्दील

बैठक के दौरान ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने गलगलिया, ठाकुरगंज एवं चुरली पावर स्टेशन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग उठायी. अधिकारियों ने बताया कि जिले में 33 केवी के जर्जर तारों को बदला जा रहा है. एनबीपीडीसीएल के अधिकारियों ने सभी से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत आवासों में सोलर सिस्टम लगाने का आग्रह किया और बैंकर्स के माध्यम से ऋण प्रक्रिया तेज करने की बात कही. इस पर जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि बैंकर्स के साथ बैठक हो चुकी है और लोन उपलब्ध कराने में कोई समस्या नहीं होगी. प्रभारी मंत्री ने पुराने सरकारी भवनों में लगे सोलर प्लेटों को ऑफ-ग्रिड से ऑन-ग्रिड प्रणाली में बदलने तथा सभी सोलर प्लेटों की स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया.

नगर पंचायत पौआखाली के विकास का मुद्दा भी बैठक में छाया

बैठक में नगर पंचायत पौआखाली के विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रभारी मंत्री और जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा. उन्होंने किशनगंज-बहादुरगंज मुख्य पथ में डेरामारी वाया पौआखाली, जियापोखर-कद्दूभिट्ठा होते हुए भारत-नेपाल बॉर्डर तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क के चौड़ीकरण की मांग की. इसके अलावा उन्होंने तेलीभिट्ठा, मीरभिट्ठा व सीमलबाड़ी गांवों को बूढ़ी कनकई नदी के कटाव से बचाने के लिए मजबूत तटबंध बनाने, वार्ड संख्या आठ में जलजमाव से मुक्ति के लिए कलवर्ट निर्माण और नगर बाजार स्थित कब्रिस्तान की घेराबंदी कराने की मांग रखी. प्रभारी मंत्री व जिलाधिकारी ने इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया.

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, एसडीओ अनिकेत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित एनबीपीडीसीएल के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >