28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान

आगामी 28 जून से दो जुलाई तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयुवर्ग के 3,22,826 बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाने का लक्ष्य रखा गया है.

-पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस की मौजूदगी के बीच बढ़ी सतर्कता, जिले में टीकाकर्मियों का प्रशिक्षण तेज

-हर 0 से 5 वर्ष के बच्चे तक पहुंचने का लक्ष्य, 927 हाउस-टू-हाउस टीमों के साथ चलेगा विशेष अभियान

किशनगंज के प्रतिनिधि के अनुसार

भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में आज भी पोलियो वायरस का संक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. 28 जून से दो जुलाई तक चलने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत किशनगंज जिले के 0 से पांच वर्ष आयुवर्ग के कुल तीन लाख 22 हजार 826 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी. अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले में टीकाकर्मियों एवं पर्यवेक्षकों का व्यापक प्रशिक्षण जारी है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए.

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि पोलियो के खिलाफ लड़ाई में सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है. यदि एक भी बच्चा टीकाकरण से छूट जाता है तो संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए जिले में सभी स्वास्थ्यकर्मियों, आशा, एएनएम एवं पर्यवेक्षकों को अभियान के प्रत्येक चरण की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

927 हाउस-टू-हाउस टीमें और 315 सुपरवाइजर संभालेंगे जिम्मेदारी

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 927 हाउस-टू-हाउस टीमें, 90 ट्रांजिट टीमें, 25 मोबाइल टीमें, 8 ओवरसीज ट्रांजिट टीमें, 315 सुपरवाइजर तथा 56 सब-डिपो बनाए गए हैं. सभी टीमों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो.

प्रखंडवार माइक्रोप्लान के अनुसार चलेगा अभियान

डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में बहादुरगंज के 47,293, दिघलबैंक के 43,556, किशनगंज ग्रामीण के 30,609, किशनगंज शहरी के 17,950, कोचाधामन के 58,997, पोठिया के 42,561, टेढ़ागाछ के 29,868 तथा ठाकुरगंज के 51,992 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए प्रत्येक प्रखंड में माइक्रोप्लान तैयार कर टीमों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं.

बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौक-चौराहों और अन्य प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >