दिघलबैंक राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को दिघलबैंक पंचायत अंतर्गत हरुवाडांगा पंचायत भवन परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस आयोजन में पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में नवयुवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना और समाज में जागरूकता लाना था. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने नशाखोरी को समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि यह बुराई केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देती है. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित करें और समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें. गणेश सिंह ने अपने सशक्त और संवेदनशील वक्तव्य में कहा कि युवा पीढ़ी को नशाखोरी से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है. इसके लिए जागरूकता, शिक्षा और निरंतर संवाद सबसे प्रभावी हथियार हैं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे की लत से पीड़ित लोगों को तिरस्कार नहीं, बल्कि सहयोग और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है, ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें. मुखिया प्रतिनिधि ने नशामुक्त अभियान को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय पर भी जोर दिया और कहा कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर काम करें, तो नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है. उन्होंने सभी पंचायतवासियों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने गणेश सिंह की सामाजिक सोच, जनहित के प्रति समर्पण और युवाओं को सही दिशा देने की पहल की खुले दिल से सराहना की. वक्ताओं ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं, जो केवल पद तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारियों को भी ईमानदारी से निभाते हैं. इस अवसर पर दिघलबैंक पंचायत के सभी पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय वरिष्ठ नागरिक, पंचायत क्षेत्र के नवयुवक एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
