सोमवार व शुक्रवार को अफसरों की उपस्थिति अनिवार्य : डीएम

सोमवार व शुक्रवार को अफसरों की उपस्थिति अनिवार्य : डीएम

सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को प्रभावी बनाने की पहल

कार्यालयों में बैठने, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश

किशनगंज. बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी विशाल राज द्वारा आम जनमानस की समस्याओं को सुना गया. इस दौरान डीएम ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार को वे अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके. डीएम ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायी जाएं. प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य की गयी है. किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने को कहा गया है. डीएम ने स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित हों, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे. जो पदाधिकारी एक से अधिक कार्यालयों के प्रभार में हैं, वे सोमवार एवं शुक्रवार को सुविधा अनुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलना सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी. प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह व जनोन्मुखी बनाने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >