भगवान बजरंग बली की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, निकाली गयी भव्य कलश यात्रा

बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन कर रह गया.

बहादुरगंज पवित्र चैत्र मास शुक्ल पक्ष तिथि त्रयोदशी पर झिलझिली पंचायत के रहमानगंज में मंगलवार को नवनिर्मित हनुमान मंदिर में भगवान बजरंगबली की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व गांव की महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली. सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने माथे पर कलश धारण कर पास के ही चोरकट्टा नदी से पावन जल उठाकर अनुष्ठान परिसर में पहुंची. जहां प्रकांड पंडित कन्हैया मिश्रा के मुखारबिंद से वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना का दौर प्रारंभ हुआ एवं सैंकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ व जयघोष के साथ बजरंगबली मूर्ति को प्राण प्रतिष्ठा अर्पित कर दी गयी. बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन कर रह गया. इससे पहले बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों में गजब का उत्साह देखते ही बना. जहां भगवा वस्त्र पहने सैंकड़ों की तादाद में ग्रामीणों ने बजरंगबली की मूर्ति को श्रद्धापूर्वक जुलूस के साथ मंदिर परिसर तक लाये एवं आचमन के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा अर्पित किये. मौके पर जयकारे से वातावरण पूरी तरह गुंजायमान हो गया. अनुष्ठान के सफल संचालन में आनंद आदित्य, विनोद कुमार, तुलसी कुमार, भूमिदाता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह, साहित्यकार डॉ पीपी सिन्हा सहित दर्जनों श्रद्धालु सराहनीय योगदान देने में लगे थे. बताते चलें कि बजरंगबली प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही अब आगामी 4 अप्रैल से मंदिर परिसर में आयोजित होनेवाले श्रीश्री 108 हरिनाम संकीर्तन को लेकर तैयारी जोरों पर है. जहां श्रद्धालुओं द्वारा भव्य पूजा पंडाल और अनुष्ठान स्थल पर दर्जनों देवी-देवताओं की प्रतिमा लगाने की तैयारी जारी है. जिसके लिए श्रद्धालु दिन-रात एक करने में जुटे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >