Kishanganj News: पौआखाली (किशनगंज). नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित हुसैन नगर कॉलोनी में इन दिनों जलजमाव और गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गलियों में जमा बरसाती पानी और बदबू के बीच स्थानीय लोग दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने को मजबूर हैं. लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
जलजमाव से आवागमन हुआ मुश्किल
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी की गलियों में लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र-छात्राओं को आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल और बाजार जाने में काफी कठिनाई हो रही है. लगातार जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है.
तत्काल राहत के लिए डलवाई जा रही बेडमिसाली
जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम के नेतृत्व में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि असलम आजाद उर्फ बबलू, हाफिज साजिद आलम और सलमान अली ने प्रभावित गलियों का निरीक्षण किया. लोगों की सुविधा के लिए जलभराव वाले रास्तों पर बेडमिसाली डलवाने का कार्य शुरू कराया गया है. हुसैन नगर कॉलोनी में भी जल्द बेडमिसाली डलवाने का आश्वासन दिया गया है.
हर वर्ष बनी रहती है समस्या
नगरवासियों ने बताया कि पौआखाली नगर पंचायत के कई वार्डों में बरसात के दौरान हफ्तों तक पानी जमा रहता है. जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से हर साल लोगों को इसी समस्या का सामना करना पड़ता है.
अधिकारियों के नियमित निरीक्षण की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि अधिकारी समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं का जायजा लें तो जलनिकासी, सड़क, नाला और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा.
स्थायी समाधान की उठी मांग
Kishanganj News: नगरवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं, लेकिन अधिकारियों का नियमित क्षेत्र भ्रमण नहीं होने से कई समस्याएं लंबे समय तक बनी रहती हैं. लोगों ने जलजमाव से स्थायी मुक्ति के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है.
