टेढ़ागाछ.बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत डाकपोखर पंचायत स्थित बाबा बेणु महाराज टीला में बुधवार को एक विशाल चुनावी जनसभा आयोजित की गई, जिसमें लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्री मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी मोहम्मद कलीमुद्दीन के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की. इस दौरान उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि इन दलों के लिए मुसलमान समाज केवल वोट बैंक बनकर रह गया है. उन्होंने ने कहा कि राजद का माई समीकरण सिर्फ अपने बेटा-बेटी को मुख्यमंत्री और सांसद बनाने के लिए है. उन्होंने सवाल किया कि जो आज मुसलमानों के हितैषी बन रहे हैं, उन्होंने अब तक किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया? उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान ने हमेशा मुसलमान भाइयों के सम्मान और अधिकार के लिए अपनी पूरी पार्टी तक कुर्बान कर दी थी, लेकिन राजद-कांग्रेस ने सिर्फ वोट लेकर उन्हें भुला देने का काम किया. उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन में वे मजबूती से खड़े हैं और किसी भी मुसलमान के साथ अन्याय नहीं होने देंगे. पासवान ने राजद पर आरोप लगाया कि उसका माई फार्मूला बिहारियों को आपस में बांटने की साजिश है. उन्होंने कहा कि जिस दिन 14 करोड़ बिहारी एकजुट हो जाएंगे, उस दिन न केवल देश बल्कि दुनिया में भी हमारी बराबरी कोई नहीं कर पाएगा. लालू यादव और तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना है.मुख्यमंत्री खुद बनेंगे और सांसद उनकी बहन बनेगी. उन्होंने कहा कि लोगों को इनके फैलाए गए डर से बाहर निकलना होगा और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाना होगा. चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की धर्मनिरपेक्ष छवि की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी धर्मनिरपेक्षता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता. उन्होंने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को बिहार में फिर से पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी. सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी 11 नवंबर को हेलीकॉप्टर छाप पर बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी मोहम्मद कलीमुद्दीन को विजयी बनाएं ताकि बहादुरगंज विधानसभा के विकास का नया अध्याय लिखा जा सके.कार्यक्रम में लोजपा (रामविलास), जदयू, भाजपा और एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे. सभा स्थल पर जनसैलाब और जोशपूर्ण माहौल ने एनडीए के प्रति जनता के उत्साह को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
