पौआखाली (किशनगंज).जिले के नगर पंचायत पौआखाली स्थित वार्ड संख्या 11 के ननकार गांव में बीती रात खाना पकाने के दौरान एलपीजी गैस सिलिंडर लीकेज के कारण लगी आग में झुलसकर मां सहित तीन मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. मृतक में साहिबा पति अंसार आलम उम्र 30 वर्ष, अनीसा उम्र 8 वर्ष, अनीस उम्र 5 वर्ष, आरोसी 3 वर्ष शामिल है. जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हालत में इलाजरत बताया जा रहा है. ननकार बस्ती पहुंचे एसडीपीओ व अन्य अधिकारी: ननकार बस्ती में घटना के दूसरे दिन गांव में एसडीपीओ ठाकुरगंज भी पहुंचे हुए थें. इसके अलावे तीनों थाना क्रमशः पौआखाली जियापोखर और सुखानी के थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा, विकास कुमार और धरमपाल विधि व्यवस्था को लेकर दिनभर डटे रहे. सुबह से ही घटना वाले गांव में नगर पंचायत के मुख्य एवं उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन और अबूनसर आलम, पूर्व मुखिया अजय सिन्हा, पूर्व पंसस प्रदीप सिन्हा, शमसूल हक, हबेबूल रहमान, मो कामरान आदि अन्य पीड़ित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधा रहे थें. दिनभर पीड़ित के घर आंगन में लोगों का तांता लगा रहा, जहां हर एक शख्स घटना की जानकारी परिजनों की जुबानी सुनकर स्तब्ध थे. वहीं मृतकों के गांव परिवार में कोहराम मचा है पूरे नगर में मातमी सन्नाटा पसरा है. उधर खबर की सूचना मिलते ही डीएम तुषार सिंगला ने पौआखाली के नानकार गांव हादसे का संज्ञान लेते हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपर समाहर्ता (आपदा) अमरेंद्र कुमार तथा कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत पौआखाली कुमार ऋत्विक को घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिलने का निर्देश दिया है. उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा की इस कठिन समय में जिला प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ है तथा आश्वासन दिया है की मृतकों के आश्रितों को पात्रता अनुरूप सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द दिलाया जायेगा. साथ ही, जिला अंतर्गत गैस सिलेंडर से संबंधित घटना के आलोक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अरुण कुमार को निर्देशित किया है कि वे गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेंडर के रख रखाव और सावधानियों का व्यापक प्रचार प्रसार कराए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
