किशनगंज : ठाकुरगंज में गुरुवार सुबह हाई स्कूल के सामने उस समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जब सड़क पर दर्जनों बंदरों का झुंड आ गया. मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों को काफी देर तक सड़क किनारे रुककर बंदरों के हटने का इंतजार करना पड़ा. इस दौरान वाहन चालकों को भी अपनी रफ्तार धीमी करनी पड़ी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छोटे-बड़े बंदरों का पूरा झुंड सड़क पर उछल-कूद करता रहा और राहगीरों की गतिविधियों पर नजर रखता दिखाई दिया. कुछ लोगों ने जोखिम उठाकर झुंड के बीच से निकलने की कोशिश की, जबकि कई लोग बंदरों के हटने का इंतजार करते रहे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई स्कूल परिसर और आसपास के पेड़ों में बंदरों का स्थायी डेरा बन गया है. भोजन की तलाश में बंदरों का झुंड रोज सुबह सड़क पर उतर आता है. कई बार बंदर राहगीरों के हाथ से सामान छीन लेते हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों को दौड़ा भी चुके हैं. इसके बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है.
लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना या किसी व्यक्ति पर हमला होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. स्कूल खुलने के समय यही सड़क सैकड़ों छात्र-छात्राओं की आवाजाही का मुख्य मार्ग बन जाती है, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है.
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग और प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्र से बंदरों को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे मॉर्निंग वॉक करने वालों, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी.
