Missing Case: किशनगंज. सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को युवती और नाबालिग लड़की के लापता होने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शौच के लिए निकली युवती नहीं लौटी
पहले मामले में परिजनों ने बताया कि युवती शौच के लिए घर से निकली थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. देर शाम तक खोजबीन के बाद सदर थाना में युवती के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका
दूसरे मामले में सदर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार सोमवार शाम नाबालिग घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों का आरोप है कि राजस्थान का एक युवक, जो मोबाइल फोन के माध्यम से नाबालिग के संपर्क में था, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है.
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
नाबालिग के परिजनों ने पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग करते हुए आशंका जताई है कि बच्ची के साथ कोई अनहोनी हो सकती है. उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की अपील की है.
पुलिस ने शुरू की तलाश
Missing Case: सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों के आवेदन पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है तथा लापता युवती और नाबालिग की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
