किशनगंज.एआईएमआईएम ने आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और अपनी जनता पार्टी (स्वामी प्रसाद मौर्य) के साथ मिलकर बिहार में तीसरा मोर्चा बनाया है, जिसका नाम ग्रैंड डेमोक्रेटिक एलायंस (जीडीए) रखा गया है. बुधवार को एआईएमआईएम के कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि एआईएमआईएम पार्टी 35 विधान सभा सीट पर जबकि आजाद समाज पार्टी 25 पर और स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी अपनी जनता पार्टी कुल 4 सीट पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि तीनों पार्टी मजबूती के सायं चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि ग्रैंड डेमोक्रेटिक एलायंस का असल मक़सद गरीबों, दलितों, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों को इंसाफ़ दिलाना और उनकी आवाज़ को मज़बूती से उठाना है. हमारा गठबंधन सीमांचल समेत पूरे बिहार के हर मुद्दे पर जनता के हक़ और सम्मान की लड़ाई लड़ेगा. प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए पार्टी ने सेकुलर दलों के साथ गठबंधन किया है. उन्होंने कहा कि हमारी असली लड़ाई सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि देश में इंसाफ कायम करना है. वहीं उन्होंने कहा कि कल देर शाम तक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नाम का चयन हो चुका है. पत्रकार वार्ता में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जौहर आजाद, प्रदेश सचिव विक्रम कुमार, जिला अध्यक्ष वसीम अकरम खान, एआईएमआईएम प्रदेश प्रवक्ता आदिल हसन, जिलाध्यक्ष नसीम अख्तर, प्रदेश कोषाध्यक्ष इशहाक आलम सहित अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
