डीएम का कड़ा रुख: ‘अगर वक्त पर चेतते, तो न टूटती सड़क’, मेची नदी के कटाव पर इंजीनियरों को फटकार

Mechi River Erosion: किशनगंज के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने ठाकुरगंज प्रखंड में नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया. खारुदह पंचायत में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क का हिस्सा बहने पर विभागीय अभियंताओं की कार्यशैली पर जताई गंभीर नाराजगी.

पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट

Mechi River Erosion: किशनगंज के जिला पदाधिकारी (DM) नवीन कुमार ने बुधवार (01 जुलाई 2026) को प्रशासनिक अमले और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ ठाकुरगंज प्रखंड के अंतर्गत मेची नदी से प्रभावित तीव्र कटाव क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक किए गए कटाव निरोधी कार्यों (फ्लड फाइटिंग वर्क) की कछुआ चाल प्रगति पर तीव्र असंतोष व्यक्त किया. डीएम ने मौके पर मौजूद कार्यपालक अभियंताओं और ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए दो टूक कहा कि अगर समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं हुआ, तो सीधे तौर पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

भयंकरदुवारी मुख्यमंत्री सड़क का हिस्सा बहा; डीएम ने बारीकी से परखा

  • सड़क को भारी नुकसान: जिला पदाधिकारी अपने काफिले के साथ सबसे पहले खारुदह पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित ठीकाबस्ती से भयंकरदुवारी को जोड़ने वाली मुख्य ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क’ पर पहुंचे. हाल के दिनों में मेची नदी की तेज धाराओं ने इस महत्वपूर्ण ग्रामीण संपर्क मार्ग के एक बड़े हिस्से को काटकर नदी में विलीन कर दिया था.
  • विभागीय सुस्ती पर बरसे डीएम: क्षतिग्रस्त सड़क को बचाने के लिए विभाग द्वारा आनन-फानन में कराए जा रहे जियो बैग और बोल्डर क्रेटिंग के कार्यों का डीएम ने बारीकी से मुआयना किया. उन्होंने इंजीनियरों को फटकार लगाते हुए कहा, “यदि बाढ़ और मानसून आने से पहले यानी समय रहते जल संसाधन विभाग ने संवेदनशील कटरों (स्पर्स) की मरम्मत की होती, तो आज इस महत्वपूर्ण सड़क को क्षतिग्रस्त होने से शत-प्रतिशत बचाया जा सकता था. यह सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही है.”

चौबीस घंटे निगरानी का आदेश; एसडीएम और बीडीओ को दिए टास्क

कटाव की भयावहता को देखते हुए जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अंचल अधिकारी (CO) और स्थानीय राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि मेची नदी के किनारे बसे संवेदनशील और संभावित खतरे वाले टोलों पर चौबीस घंटे पैनी नजर रखी जाए. कटाव निरोधी कार्यों में इस्तेमाल हो रही सामग्रियों (बांस, सैंडबैग, कंक्रीट ब्लॉक) की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. यदि किसी भी बिंदु पर एजेंसी द्वारा घटिया काम करने की शिकायत मिली, तो संबंधित कनीय अभियंता (JE) और सहायक अभियंता (AE) पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी.

Mechi River Erosion: निरीक्षण के दौरान मौजूद रहा आला प्रशासनिक अमला

इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर के कई वरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

  • अनिकेत कुमार (अनुमंडल पदाधिकारी – एसडीएम)
  • अहमर अब्दाली (प्रखंड विकास पदाधिकारी – बीडीओ, ठाकुरगंज)
  • मृत्युंजय कुमार (अंचल अधिकारी – सीओ, ठाकुरगंज)

इसके अलावा बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और स्थानीय थानों की पुलिस टीम भी सुरक्षा और तकनीकी इनपुट के लिए मौके पर मुस्तैद रही. डीएम ने अंत में स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और किसी को भी बेघर नहीं होने दिया जाएगा.

किशनगंज की ख़बरों को पढने के लिए यहाँ क्लिक करें !

पटना: ”बिहार में जो कचड़ा भगाने का काम चल रहा है, वो चलते रहेगा”. बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर पर CM सम्राट का बड़ा संकेत.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >