पोठिया.थाना क्षेत्र के उदगारा पंचायत अंतर्गत कपरंगा गांव में नाबालिग बच्ची से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित मोहम्मद अकिल को गिरफ्तार कर लिया है. मामला पोठिया थाना कांड संख्या 139/25 से जुड़ा है, जिसमें कुल आठ लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया था. पीड़िता रेहाना खातून ने दिए आवेदन में बताया था कि 20 मई की रात करीब दो बजे उसकी 14 वर्षीय पुत्री रिश्ता बेगम को अगवा करने की कोशिश की गई. आरोप है कि उसी गांव के अकिल मोहम्मद, उम्र 19 वर्ष, पिता जैनुल हक, अपने परिवार और कुछ अन्य लोगों के साथ घर में घुस आया, गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए पुत्री को जबरन ले जाने का प्रयास किया. विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई.आवेदन में जैनुल हक, नसरलिन खातून, तबरेज, अमरजी, अकलीना खातून, अनेशा तथा नेहरू व अन्य के नाम भी शामिल किए गए हैं. बताया गया कि घटना के दौरान इन सभी ने मिलकर घर में तोड़फोड़ की और युवती को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की कोशिश की. ग्रामीणों के हस्तक्षेप से बड़ी घटना टल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पोठिया पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद मुख्य आरोपित मोहम्मद अकिल को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
