पत्नी व तांत्रिक प्रेमी ने मिल कर की थी किशनगंज के युवक की हत्या

पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में किशनगंज के युवक की हत्या का खुलासा। पत्नी और उसके तांत्रिक प्रेमी ने रची थी साजिश, पांच आरोपी गिरफ्तार।

किशनगंज . पोठिया थाना क्षेत्र के उदगारा पंचायत अंतर्गत खाड़ाबाड़ी गांव के एक युवक की पश्चिम बंगाल के बागडोगरा थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हत्या हुई थी. पुलिस ने गुरुवार को हंसखोआ चाय बगान से युवक का सिर कटा शव बरामद किया था. जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान इमाम के रूप में हुई थी. जांच के बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली. पत्नी ने ही अपने तांत्रिक प्रेमी के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया था. इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई थी.

अवैध संबंध का विरोध करता था इमाम

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी मोमिना बेगम उर्फ टुंप्पा घोष और उसके तांत्रिक प्रेमी सुदीप पाल ने रची थी. मोमिना बेगम सिलीगुड़ी के ठोकर बाजार की रहने वाली है और खुद भी तंत्र-मंत्र का काम करती थी. वहीं सुदीप पाल बागडोगरा के मलय जोत का निवासी है. पुलिस के अनुसार दोनों का लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इमाम इस रिश्ते का विरोध करता था और पत्नी को इस काम से रोकता था. इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. रिश्तेदारों के बहाने इमाम को सोमवार की देर शाम सिलीगुड़ी बुलाया गया. वहां से तीन अन्य आरोपियों के साथ उसे बागडोगरा ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. इसके बाद शव का सिर अलग कर दिया गया.

पांच आरोपी रिमांड पर, हथियार की तलाश जारी

बागडोगरा पुलिस ने पत्नी मोमिना, प्रेमी सुदीप पाल और तीन रिश्तेदारों को सिलीगुड़ी न्यायालय में पेश किया. कोर्ट ने सभी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. पुलिस ने इमाम का कटा सिर घटनास्थल से 22 किमी दूर रंगापानी से बरामद किया है. हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश जारी है.

ALSO READ : किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क पर भीषण हादसा: स्कॉर्पियो और दो बाइकों में सीधी भिड़ंत, 3 लोग लहूलुहान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >