किशनगंज पुलिस ने एक सप्ताह में 51 अपराधियों को किये गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बीते सप्ताह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है

किशनगंज. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बीते सप्ताह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. पुलिस ने आठ से 14 जून तक चलाये गये अभियान में वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी, गृहभेदन तथा वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की गयी. मंगलवार को पुलिस मुख्यालय से जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में कुल 51 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाते हुए 1 लाख 93 हजार रुपये जुर्माना की राशि वसूल की गई. मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 430.35 ग्राम स्मैक, हेरोइन एवं ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है. इसके अलावा विभिन्न मामलों में प्रयुक्त या जप्त किए गए वाहनों में एक बस, एक कार, 15 ट्रक, तीन हाईवा, दो ट्रैक्टर तथा तीन मोटरसाइकिलें शामिल हैं. पुलिस ने अभियान के दौरान 12 मोबाइल फोन, एक मवेशी तथा 52 हजार 520 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 नावों को विनष्ट किया गया, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया गया है.एसपी संतोष कुमार के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बदमाशों पर नकेल कसने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच, छापेमारी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं.इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है.एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, अवैध खनन तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >