किशनगंज में डीएम विशाल राज का सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे पर बड़ा एक्शन, जमीन अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर दिए निर्देश

Kishanganj News: बिहार के किशनगंज जिले में बुनियादी ढांचे और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिले के विकास की जीवन रेखा मानी जाने वाली सड़क प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए जिला पदाधिकारी विशाल राज ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की.

Kishanganj News: किशनगंज से गौरव की रिपोर्ट, सड़क परियोजनाओं और भू-अर्जन कार्यों को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें एनएचएआई, बीएसआरडीसीएल, जिला भू-अर्जन विभाग और संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक में खास तौर पर सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे परियोजना और लंबित जमीन अधिग्रहण मामलों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए.


सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे की राह होगी आसान, समन्वय पर जोर

डीएम विशाल राज ने सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे परियोजना को जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसके कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया है. उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि कार्य की गति में किसी भी तरह की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

इस मेगा प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने की हिदायत दी गई है. जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अन्य विभागों के साथ मिलकर जमीनी बाधाओं को तुरंत सुलझाएं ताकि निर्माण कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके.

जमीन मालिकों को मुआवजे के लिए नहीं काटने होंगे चक्कर


बैठक के दौरान सबसे महत्वपूर्ण चर्चा भू-अर्जन के बदले दिए जाने वाले भुगतान और एलपीसी (LPC) निर्गत करने को लेकर हुई. डीएम ने लंबित भुगतान मामलों पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा राशि का वितरण शीघ्रता से किया जाए.

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होने पर जवाबदेही तय की जाएगी. बहादुरगंज, टेढ़ागाछ और कोचाधामन के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे एलपीसी जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं ताकि रैयतों को उनका हक समय पर मिल सके.

सर्विस लेन और नई परियोजनाओं पर बनी सहमति


बैठक में एनएचएआई जलपाईगुड़ी की ओर से सर्विस लेन निर्माण के लिए प्राक्कलन की मांग रखी गई. इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आवश्यक प्राक्कलन जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं ताकि सर्विस लेन का निर्माण शुरू हो सके. वहीं दूसरी ओर बीएसआरडीसीएल के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके द्वारा संचालित परियोजनाओं का कार्य फिलहाल संतोषजनक स्थिति में है. जिला प्रशासन का यह सख्त रुख संकेत देता है कि आने वाले दिनों में किशनगंज की सड़कों का नक्शा बदलने वाला है.

Also Read: India-Nepal Border Alert: किशनगंज में एसएसबी और एपीएफ की संयुक्त गश्त, सीमा सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >