सड़क नहीं, तो फिर किस काम की पुलिया?

Kishanganj news: स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सड़क की वजह से आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती. मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को मुख्य सड़क से पैदल गांव तक लाना पड़ता है.

Kishanganj news: पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट:

जर्जर रास्ते के बीच बनी पुलिया बनी शोपीस: मरीजों को पैदल ले जाने को मजबूर ग्रामीण, बरसात में हालात और बदतर

किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत ताराबाड़ी पंचायत के कमाती गांव में विकास के दावों की पोल खोलती तस्वीर सामने आई है. वार्ड संख्या-06 में पिछले दो वर्षों से सड़क के बिना बना कलभर्ट केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गया है. सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भारी नाराजगी है.

सड़क नहीं, सिर्फ कलवर्ट

ग्रामीणों का कहना है कि डॉ. सुभान और संथाल टोला से होकर कमाती गांव जाने वाली करीब 300 मीटर लंबी कच्ची सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ होने के कारण बाइक और साइकिल चलाना भी मुश्किल हो गया है. ऐसे में सड़क पर बना कलभर्ट किसी काम का नहीं रह गया है.

गांव तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती

स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सड़क की वजह से आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती. मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को मुख्य सड़क से पैदल गांव तक लाना पड़ता है. बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है. सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है और आए दिन लोग फिसलकर घायल होते रहते हैं.

100 से अधिक परिवारों की परेशानी

यह सड़क कमाती गांव के 100 से अधिक परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से लोग स्कूल, बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आवाजाही करते हैं. सड़क की बदहाली के कारण लोगों को समय और आर्थिक नुकसान दोनों झेलना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगायी गुहार

सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीण डॉ. अब्दुस सुभान, इरशाद आलम, काजिम आलम, फैयाज आलम, खसीबुर रहमान, बच्चा बाबू, मोहम्मद तसलीम और मोहम्मद मंसूर समेत दर्जनों लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा.

ALSO READ: जिलेबिया मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक फिसली, युवक गंभीर रूप से घायल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >