जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष सुशांत गोप | Prabhat Khabar Network

किशनगंज: अवैध बालू खनन से बने जानलेवा गड्ढे, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सुशांत गोप ने खनन मंत्री को लिखा पत्र

किशनगंज में अवैध बालू खनन से बने जानलेवा गड्ढे लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं. इन गड्ढों में बरसात का पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. जिला उपाध्यक्ष ने खनन मंत्री से तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है.

किशनगंज. जिले में खनन पर रोक के बावजूद अवैध बालू खनन की शिकायतों को लेकर अब लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. विभिन्न बालू घाटों और आवागमन वाले रास्तों पर अवैध खुदाई से बने गहरे गड्ढे बरसात और बाढ़ के दौरान लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं. बीस सूत्री जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सुशांत गोप ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खनन मंत्री प्रमोद चंद्र वर्मा को पत्र भेजकर अवैध खनन पर रोक लगाने और संबंधित स्थानों की जांच कर कार्रवाई करने का आग्रह किया है.

कई घाटों पर अवैध खनन की शिकायत का दावा

सुशांत गोप के अनुसार मोतीहारा तालुका, बेलुआ, टेंगरमारी, भराकोला, हालामाला, ओदरा घाट स्थित मदरसा के पीछे, रायपुर पंचायत के हर्रावारी के पास, हाटगांव, गोरियाल नदी में टेढ़ाघाट के समीप और दिघलबैंक में सिंघिया के पास समेत कई स्थानों से अवैध बालू खनन की शिकायतें मिली हैं.

उन्होंने दावा किया कि लगातार खुदाई के कारण इन स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी वास्तविक गहराई का पता नहीं चल पाता.

बाढ़ के दौरान बढ़ जाता है हादसे का खतरा

सुशांत गोप ने कहा कि बाढ़ के दौरान पानी से भरे गड्ढे पैदल आने-जाने वाले लोगों, बच्चों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकते हैं. ऐसे स्थानों पर दुर्घटना होने और लोगों के डूबने की आशंका बनी रहती है. कई जगह ट्रैक्टर और अन्य वाहन फंसने की स्थिति भी उत्पन्न होती है. उन्होंने कहा कि आम लोगों के आवागमन वाले स्थानों पर अवैध तरीके से खुदाई किए जाने से बरसात और बाढ़ के समय खतरा और बढ़ जाता है. ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए जाने की जरूरत है.

विभाग की जानकारी और निगरानी पर उठाये सवाल

बीस सूत्री जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ने कहा कि जिले में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है. उन्होंने खनन वाले स्थानों की जांच कराने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

खनन मंत्री से कार्रवाई का किया आग्रह

सुशांत गोप ने खनन मंत्री प्रमोद चंद्र वर्मा को पत्राचार कर जिले में अवैध बालू खनन पर रोक लगाने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि आम आवागमन वाले स्थानों पर बिना अनुमति घाट बनाकर खनन करना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बन सकता है.

लोगों से प्रशासन को सूचना देने की अपील

सुशांत गोप ने कहा कि अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी स्थान पर अवैध बालू खनन की जानकारी सामने आती है तो इसकी सूचना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दें, ताकि संबंधित स्तर पर कार्रवाई करायी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >