किशनगंज. शहर में नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है. अभियान के पहले दिन सोमवार को शहरी क्षेत्र के रमजान ब्रिज और पश्चिमपाली के पास से कार्रवाई की शुरुआत की गयी. एसडीएम अनिकेत कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार अतिक्रमण वाले स्थानों पर पहुंचे. इस दौरान सदर थाना की पुलिस भी मौजूद रही. मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के बीच सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गयी.
रमजान ब्रिज से इमली गोला चौक तक हटाया गया अतिक्रमण
पहले दिन नगर परिषद की टीम ने रमजान ब्रिज से इमली गोला चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया. अवैध रूप से अतिक्रमित जमीन को खाली कराया गया. सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से दुकान का विस्तार करने वाले दुकानदारों को भी कार्रवाई के दौरान सख्त हिदायत दी गयी.
दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माने की चेतावनी
अभियान में शामिल अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा सड़क या सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही संबंधित लोगों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है. अधिकारियों ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की.
जाम की समस्या से निजात दिलाने पर जोर
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पहले दिन रमजान ब्रिज से इमली गोला चौक तक कार्रवाई की गयी है.
लगातार जारी रहेगा अभियान
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेकर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा. नगर परिषद का उद्देश्य सड़क और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है.
Also Read : बिहार बाढ़ अलर्ट: खतरे के निशान के पार पहुंची गंगा, 11 जिलों में 19.57 लाख लोग प्रभावित
