ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट:
वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद ट्रेन रद्द, अधिकारियों पर उठे सवाल
जोगबनी-सिलीगुड़ी टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (15723) का लगातार रद्द होना अब यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है. मंगलवार को ट्रेन सेवा एक बार फिर ठप रहने से आम लोगों में रेल प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है. स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों का कहना है कि जोगबनी-अररिया-ठाकुरगंज-सिलीगुड़ी के रूप में एक स्पष्ट वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है. इसके बावजूद ट्रेन को लगातार रद्द रखना कटिहार रेल मंडल के अधिकारियों की अदूरदर्शिता और लचर कार्यप्रणाली को दर्शाता है.
डेमू ट्रेनें भी रही बंद, दैनिक यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
रेलवे की इस अव्यवस्था की गाज सिर्फ इंटरसिटी पर ही नहीं, बल्कि लोकल ट्रेनों पर भी गिरी है. मंगलवार को मालदा कोर्ट-सिलीगुड़ी डेमू (75719) और सिलीगुड़ी-मालदा कोर्ट डेमू (75720) भी पूरी तरह रद्द रही. एक साथ कई ट्रेनें बंद होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों, स्कूली छात्रों, सिलीगुड़ी इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और दफ्तर आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ रही है.
इंफ्रास्ट्रक्चर और परिचालन कार्य बना मुख्य कारण
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के विभिन्न सेक्शनों में इस समय बड़े पैमाने पर परिचालन दुरुस्त करने और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम चल रहा है. रेलवे के इन तकनीकी कार्यों का सीधा असर ट्रेनों के सुचारू संचालन पर पड़ रहा है. इसी ब्लॉक और विकास कार्यों के कारण कई ट्रेनों को मजबूरन रद्द करना पड़ रहा है, जबकि इस रूट पर चलने वाली कई अन्य ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं.
नियमित परिचालन शुरू करने की मांग
जोगबनी-सिलीगुड़ी इंटरसिटी को सीमांचल और उत्तर बंगाल को जोड़ने वाली लाइफलाइन माना जाता है. व्यवसाय से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए ठाकुरगंज और आसपास के लोग इसी ट्रेन पर निर्भर हैं. बार-बार ट्रेन सेवा बाधित होने से नाराज यात्रियों ने अब रेल प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर ट्रेनों का नियमित और वैकल्पिक परिचालन तत्काल सुनिश्चित किया जाए.
Also Read: पूर्णिया एयरपोर्ट पर रिकॉर्ड तोड़ भीड़, लगातार दो दिनों से यात्रियों का आंकड़ा 1100 के पार
