किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में इंडेन (Indane) एलपीजी गैस का उपयोग करने वाले ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है. केंद्र सरकार के निर्देशों के आलोक में गैस सब्सिडी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और फर्जी कनेक्शनों पर अंकुश लगाने के लिए सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित eKYC (Re-eKYC) अनिवार्य कर दिया गया है. इसके लिए 16 अगस्त तक की समयसीमा तय की गई है. ठाकुरगंज स्थित सरिता गैस एजेंसी ने सभी ग्राहकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है.
घर बैठे मोबाइल ऐप से ऐसे करें Re-eKYC
सरिता गैस एजेंसी के प्रबंधक अजय राय ने बताया कि उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन के जरिए बिना एजेंसी के चक्कर काटे घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं:
- ऐप डाउनलोड करें: सबसे पहले अपने मोबाइल में IndianOil ONE और Aadhaar FaceRD ऐप इंस्टॉल करें.
- लॉगिन व प्रक्रिया: IndianOil ONE ऐप में लॉगिन कर 'LPG' सेक्शन में जाएं और 'Re-eKYC' विकल्प पर क्लिक करें.
- फेस ऑथेंटिकेशन: इसके बाद कैमरे से चेहरा स्कैन (Face Authentication) कर आधार सत्यापन पूरा करें.
गैस एजेंसी या हॉकर के जरिए भी बायोमेट्रिक सुविधा उपलब्ध
जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आ रही है, उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है:
- निःशुल्क बायोमेट्रिक जांच: उपभोक्ता अपनी निकटतम गैस एजेंसी में जाकर या घर पर सिलेंडर डिलीवरी करने वाले कर्मी (हॉकर) के पास मौजूद बायोमेट्रिक मशीन के जरिए अंगूठा लगाकर नि:शुल्क eKYC करवा सकते हैं.
- जरूरी शर्तें: eKYC के लिए आधार कार्ड से मोबाइल नंबर का लिंक होना जरूरी है. फेस स्कैन के समय पर्याप्त रोशनी और बेहतर इंटरनेट कनेक्शन होना आवश्यक है.
समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील
एजेंसी के मैनेजर अजय राय ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें. यदि समय पर eKYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो भविष्य में गैस सब्सिडी की राशि रुक सकती है और एलपीजी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
