फोटो 10 उद्घाटन समारोेह में मौजूद जिप सदस्य, जिप प्रतिनिधि, पूर्व मुखिया व अन्यप्रतिनिधि, किशनगंज टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के चैनपुर गांव में मंगलवार को श्मशान घाट में नव-निर्मित शवदाहगृह भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया. यह निर्माण कार्य जिला परिषद अंश तथा पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि से पूरा किया गया है. उद्घाटन समारोह का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य खोशी देवी, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद माझी एवं पूर्व मुखिया उद्यानंद मंडल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य खोशी देवी ने कहा कि इस शवदाहगृह भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को अंतिम संस्कार हेतु बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होगी. उन्होंने बताया कि इस योजना की प्राक्कलित राशि 7 लाख 43 हजार 800 रुपये है, जिससे भवन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जिला परिषद की प्राथमिकता है और इसी क्रम में श्मशान घाटों का विकास भी आवश्यक है, ताकि लोगों को कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इस भवन के निर्माण से न केवल स्वच्छता एवं व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी यह एक महत्वपूर्ण पहल है.कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. सभी ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे पंचायत क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.
चैनपुर में शवदाहगृह भवन का उद्घाटन, अंतिम संस्कार की सुविधा होगी सुदृढ़
जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद माझी एवं पूर्व मुखिया उद्यानंद मंडल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
