भारत-नेपाल सीमा पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को 12वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पेट्रोलिंग अभियान चलाया

किशनगंज भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को 12वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पेट्रोलिंग अभियान चलाया. फतेहपुर बीओपी के सहायक कमांडेंट पवन कुमार तथा नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के डीएसपी दिनेश श्रेष्ठ के नेतृत्व में संयुक्त रुप से अभियान चलाया गया. इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा हालात का जायजा लिया. सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई और इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर सहमति बनी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके अलावा मानव तस्करी और नारकोटिक्स तस्करी जैसी गंभीर समस्याओं पर भी दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने गहन विचार-विमर्श किया. इन अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, संयुक्त निगरानी और सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इन अपराधों पर नियंत्रण के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों का तालमेल बेहद जरूरी है. पेट्रोलिंग के दौरान सीमा पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि वे पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें. दोनों देशों के जवानों ने एक साथ मिलकर सीमा क्षेत्र में भ्रमण किया, जिससे आपसी विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत हुई. इस संयुक्त पहल से सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >