Bihar Elections 2025 किशनगंज.बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार किशनगंज जिले में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है. इसका मुख्य कारण है- परदेश में रहने वाले बड़ी संख्या में मतदाताओं का इस बार छठ पर्व में घर आना है.पिछले चुनावों में पंजाब, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में रोज़गार की तलाश में गए हजारों मतदाता वोट नहीं डाल पाए थे,लेकिन इस बार माहौल बिल्कुल अलग है. मिली जानकारी के अनुसार, छठ पर्व के कारण बड़ी संख्या में प्रवासी मतदाता पहले ही अपने गांव आ चुके हैं. वहीं, प्रखंडों में तैनात बीएलओ ने भी अपने अभियान में तेजी लाई है.मतदाताओं को उनके घर जाकर मतदान पर्ची दी जा रही है और उन्हें यह समझाया जा रहा है कि यदि वे लगातार मतदान नहीं करेंगे तो उनका नाम मतदाता सूची से हट सकता है.इससे प्रवासी मतदाताओं में भी सक्रियता आई है.कई परदेशी मतदाताओं ने लौटकर अपने मतदाता सूची में नाम की पुष्टि कर ली है.ग्रामीण इलाकों में सोशल मीडिया और मतदाता जागरूकता अभियान लोगों को जागरूक करने में जुटी हैं. उनका नारा है कि इस बार कोई मतदाता पीछे न रहे. गांवों में लौटे युवाओं का कहना है कि वे अपने परिवार के हर सदस्य को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे. कई प्रवासी मजदूरों ने बताया कि वर्षों बाद उन्हें ऐसा अवसर मिला है जब वे लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने के लिए घर पर मौजूद रहेंगे.दिघलबैंक,टेढ़ागाछ,ठाकुरगंज,बहादुरगंज,पोठिया,कोचाधामन जैसे क्षेत्रों में प्रवासियों में वोट डालने को लेकर जबरदस्त उत्साह है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि यह प्रवासी रुझान इसी तरह जारी रहा तो इस बार मतदान प्रतिशत में 4से 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव है.ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. अब देखना यह होगा कि परदेशियों की यह सक्रियता किस राजनीतिक दल के पक्ष में माहौल बनाती है,लेकिन इतना तय है कि इस बार जिले में लोकतंत्र का पर्व पहले से कहीं अधिक उत्साह और सहभागिता के साथ मनाया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
