आदिशक्ति शिव यज्ञ को लेकर निकाली गयी भव्य कलश शोभायात्रा

आदिशक्ति शिव यज्ञ को लेकर निकाली गयी भव्य कलश शोभायात्रा

जनता हाट काली मंदिर से दरगाह बस्ती तक निकली कलश शोभायात्रा, नौ दिवसीय यज्ञ आज से शुरू

दिघलबैंक. प्रखंड अंतर्गत दहिभात पंचायत के दरगाह बस्ती में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय आदिशक्ति शिव यज्ञ के शुभारंभ को लेकर मंगलवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों तथा कुंवारी कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे क्षेत्र में भक्ति व श्रद्धा का वातावरण बना रहा. कलश शोभायात्रा जनता हाट स्थित काली मंदिर से प्रारंभ हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं व कन्याओं ने कलश में पवित्र जल भरा. इसके बाद श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर जनता हाट से तुलसिया होते हुए यज्ञ स्थल दरगाह बस्ती तक पहुंचे. शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जयकारे लगाए गये व ढोल-नगाड़ों व भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिवसीय आदिशक्ति शिव यज्ञ का विधिवत शुभारंभ संध्या समय से होगा. यज्ञ के दौरान प्रतिदिन पूजापाठ, हवन, भजन-कीर्तन व धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जायेगा. यज्ञ के प्रथम दिन कलश शोभायात्रा के उपलक्ष्य में महाप्रसाद का भी आयोजन रखा गया है, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भाग लेंगे. यज्ञ स्थल पर विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं, जिससे पूरा परिसर धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है. ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की जाती है. लोगों में आपसी भाईचारा भी बढ़ता है. कलश शोभायात्रा में पंचायत के जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >