पद्म भूषण साध्वी ऋतंभरा जी का आगमन आज, गलगलिया से निकलेगी विशाल मोटरसाइकिल रैली; गांधी मैदान में शाम 5 बजे होगा प्रवचन

सीमांचल में परम पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी के आगमन से आध्यात्मिक उत्साह चरम पर है. गलगलिया चेकपोस्ट पर भव्य स्वागत के बाद ठाकुरगंज के गांधी मैदान में शाम 5 बजे से उनके अमृत प्रवचन होंगे.

सीमांचल के ठाकुरगंज और गलगलिया क्षेत्र में रविवार को परम पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी के आगमन को लेकर आध्यात्मिक उत्साह चरम पर है. पद्म भूषण से सम्मानित साध्वी ऋतंभरा जी के प्रथम आगमन को भव्य बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दोपहर बाद उनके सीमा प्रवेश से लेकर शाम को आयोजित होने वाले आध्यात्मिक सत्संग तक पूरे इलाके को दुल्हन की तरह सजाया गया है.

गलगलिया चेकपोस्ट पर होगा पहला भव्य स्वागत

कार्यक्रम तय शेड्यूल के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी गलगलिया चेकपोस्ट पहुंचेंगी. जहां स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल स्वयं उपस्थित रहकर उनका पहला औपचारिक एवं भव्य स्वागत करेंगे. इसके बाद गलगलिया सीमा से ठाकुरगंज शहर की ओर एक विशाल मोटरसाइकिल जुलूस की शुरुआत होगी. विधायक के आह्वान पर सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के युवा और समर्थक अपनी मोटरसाइकिलों के साथ इस ऐतिहासिक स्वागत यात्रा की अगुवाई करेंगे.

महावीर स्थान पर महिलाएं करेंगी पारंपरिक अभिनंदन

गलगलिया से ठाकुरगंज की ओर बढ़ता काफिला जब शहर के प्रमुख महावीर स्थान पहुंचेगा, तो वहां दृश्य और भी भावपूर्ण हो जाएगा. महावीर स्थान पर स्थानीय महिलाओं की टोली द्वारा दीदी माँ का पूरी तरह से पारंपरिक अंदाज में अभिनंदन किया जाएगा. इस दौरान पूरे परिसर में महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी, शंखनाद किया जाएगा और पारंपारिक ढाक की गूंज से संपूर्ण माहौल भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठेगा.

गांधी मैदान में शाम 5 बजे से गूंजेगा अमृत प्रवचन

गलगलिया और महावीर स्थान होते हुए स्वागत यात्रा जब ठाकुरगंज के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचेगी, तब शाम के ठीक 5 बजे दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी के अमृत वचनों का महासंगम शुरू होगा. गांधी मैदान में श्रद्धालुओं के बैठने, मंच संचालन और साउंड सिस्टम के विशेष इंतजाम किए गए हैं. आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस आध्यात्मिक समागम में ठाकुरगंज शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु शिरकत करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बच्छराज

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >