गलगलिया (किशनगंज). भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एसएसबी ने बुधवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई की. किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज सिंह, गलगलिया थाना पुलिस और 41वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने भातगांव पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित ठीका टोली में एक घर पर छापेमारी की. टीम ने पांच अलग-अलग पैकेट में रखा कुल 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद करने का दावा किया है. मौके से 60 वर्षीय मोहम्मद जलाल को हिरासत में लिया गया है.
इंटेलिजेंस इनपुट के बाद सुबह पांच बजे हुई संयुक्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार 41वीं वाहिनी एसएसबी को नशे के अवैध कारोबार से संबंधित विशेष इंटेलिजेंस इनपुट मिला था. इसके आधार पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे संयुक्त टीम ने कार्रवाई की.
भातगांव स्थित एसएसबी की जी कंपनी और निमुगुड़ी स्थित ए कंपनी के जवान गलगलिया थाना पुलिस के साथ ठीका टोली पहुंचे. इसके बाद मोहम्मद जलाल के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया.
नारकोटिक स्निफर डॉग की मदद से घर की हुई तलाशी
संयुक्त टीम ने घर की गहन तलाशी ली. तलाशी अभियान के दौरान नारकोटिक स्निफर डॉग की भी मदद ली गई. टीम के अनुसार तलाशी के दौरान पांच पैकेट में रखा कुल 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद किया गया. मौके पर बरामद पदार्थ की डीडी किट से जांच की गई. टीम की ओर से बताया गया कि प्रारंभिक जांच में पदार्थ के मादक होने की पुष्टि हुई है. हालांकि आगे की कानूनी और वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी.
पूछताछ में दामाद का नाम आने की बात
कार्रवाई के बाद हिरासत में लिए गए मोहम्मद जलाल से पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपने दामाद मोहम्मद शमशाद आलम का नाम बताया और बरामद सामग्री से उसके जुड़े होने की बात कही.
पुलिस का कहना है कि मोहम्मद शमशाद आलम के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
नशे के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
बरामद 952 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और हिरासत में लिए गए मोहम्मद जलाल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी.
जांच एजेंसियां इस बात की भी जानकारी जुटा रही हैं कि इस कथित नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
सीमावर्ती क्षेत्र में आगे भी जारी रहेगा अभियान
भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी लगातार संयुक्त अभियान चला रही है. ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त कार्रवाई के दौरान ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज सिंह, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, भातगांव बीओपी प्रभारी, निमुगुड़ी बीओपी प्रभारी सहित 41वीं वाहिनी एसएसबी के जवान मौजूद रहे.
