सीएम ने 17 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवनों का किया शिलान्यास

सीएम ने 17 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवनों का किया शिलान्यास

ग्रामीण क्षेत्रों में 7 करोड़ 28 लाख से अधिक की लागत से सुदृढ़ होगा स्वास्थ्य ढांचा

प्री-फैब्रिकेटेड पद्धति से बनेंगे भवन, स्थानीय स्तर पर मिलेंगी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं

किशनगंज. जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार व ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान 11 मार्च को ठाकुरगंज प्रखंड से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवनों का शिलान्यास किया. इस पहल के तहत जिले के अलग-अलग प्रखंडों में कुल 17 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गयी है. इन सभी भवनों के निर्माण पर लगभग सात करोड़ 28 लाख 28 हजार रुपये की लागत आएगी.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को उसके घर के निकट बेहतर व सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो. इसी उद्देश्य से राज्यभर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और आम लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके.

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि इन सेंटरों के निर्माण से बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक, पोठिया, किशनगंज तथा कोचाधामन प्रखंडों के ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को नियमित जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण तथा गैर संचारी रोगों की जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. इससे लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निर्माण प्री-फैब्रिकेटेड पद्धति से किया जाएगा, जिनका निर्मित क्षेत्रफल लगभग 126 वर्गमीटर होगा. इन भवनों के तैयार होने से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और अधिक सुदृढ़ होगी. आम लोगों को अपने क्षेत्र के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हो सकेगी. प्रत्येक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण पर लगभग 42 लाख 84 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >