किशनगंज.सदर थाना क्षेत्र के इमली गोला चौक के पास एक पेट्रोल पंप में पेट्रोल पंप और ग्राहक के बीच हुए विवाद मामले में सदर थाने में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है. प्राथमिकी बुधवार की शाम को दर्ज करवाई गई है. विवाद स्कैनर से पेमेंट करने के दौरान उत्पन्न हुआ. एक प्राथमिकी पेट्रोल पंप कर्मी राजा कुमार के बयान पर दर्ज करवाई गई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उक्त पेट्रोल पंप में एक ग्राहक अबु फरहान आए. तभी ग्राहक के द्वारा स्कैनर से पेमेंट करने पर ऑन लाइन पेमेंट के लिए लगा स्पीकर नहीं बजने की बात कर्मी के द्वारा बताई गई. इसी बात को लेकर ग्राहक से विवाद उत्पन्न हो गया. दूसरी प्राथमिकी ग्राहक अबु फरहान ने पेट्रोल पंप संचालक नागरमल व अन्य के विरुद्ध दर्ज करवाई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कजलामनी निवासी अबू फरहान उक्त पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरने गए थे. तभी पेट्रोल का रुपया देने के लिए स्कैनर से रुपए देने को लेकर पंप के कर्मी से विवाद हो गया. इतने में पेट्रोल पंप संचालक नागरमल भी वहां पहुंच गए. पीड़ित ने पेट्रोल पंप संचालक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. साथ ही यह भी आरोप लगाया की पेट्रोल पंप संचालक ने कुछ लोगों को बुलाकर मारपीट की. इधर मामला दर्ज किए जाने के बाद सदर थाना की पुलिस घटना के अनुसंधान में जुट गई है. सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है. जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
