बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई मामले में 10 नामजद व 70 अज्ञात पर प्राथमिकी

युवक की पिटाई मामले में 10 नामजद व 70 अज्ञात पर प्राथमिकी

विक्षिप्त युवक को भीड़ से छुड़ाने गयी पुलिस के कार्य में बाधा डालने का आरोप

पोठिया थाना के थावाभीठा गांव की घटना, पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की

पहाड़कट्टा. बच्चा चोरी के शक में पुलिस हिरासत में लिए गए एक विक्षिप्त युवक को भीड़ से छीनने की कोशिश व पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 10 नामजद एवं 70 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. मामला पोठिया थाना क्षेत्र के फाला पंचायत अंतर्गत थावाभीठा गांव का है, जहां बीते 24 फरवरी की दोपहर ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट की थी. घटना की सूचना मिलते ही डूबानोची पिकेट व चिचुआबाड़ी ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. प्राथमिकी के अनुसार, जब पुलिस युवक को भीड़ से बचाकर जीप में बैठा रही थी, तभी ग्रामीण उग्र हो गए व युवक को पुलिस से जबरन छीनने का प्रयास किया. इस दौरान एक महिला पुलिस वाहन पर चढ़ गयी व युवक को जान से मारने की धमकी देने लगी. पुलिस ने सूझबूझ से युवक को सुरक्षित निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. पूछताछ में युवक अपना नाम-पता बताने में असमर्थ रहा, जिसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है. मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 70/26 दर्ज कर थावाभीठा व पुरंदरपुर गांव के लोगों को आरोपित बनाया गया है.

किशनगंज पुलिस की आम जनता से अपील

पुलिस ने अपील की है कि बच्चा चोर सक्रिय होने संबंधी किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें, न ही उसे प्रसारित करें. यदि कहीं भीड़ किसी को पकड़ती है, तो तुरंत डायल 112 या स्थानीय थाना को सूचित करें. जनप्रतिनिधि व जागरूक नागरिक ऐसे मामलों में अफवाहों का खंडन करें.

हिंसा व मॉब लिंचिंग जघन्य अपराध

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह के आधार पर हिंसा या मारपीट करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम जनता से शांति, संयम व जागरूकता बनाए रखने की अपील की है. संदिग्ध सूचना की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 06456-222238 पर भी दी जा सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >