किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्यपथ पर बाइक और ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर

किशनगंज जिले में सड़क हादसे ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह पर ग्रहण लगा दिया। फुटबॉल मैच में शामिल होने जा रहे दो युवक ई-रिक्शा से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

किशनगंज जिले के पहाड़कट्टा क्षेत्र में शनिवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों युवक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ठाकुरगंज प्रखंड के डांगी गांव में आयोजित फुटबॉल मैच में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान तैयबपुर हाजी चौक के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टक्कर हो गयी. घायलों में एक युवक की स्थिति बेहद नाजुक बतायी जा रही है.

फुटबॉल मैच में शामिल होने जा रहे थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार पोठिया थाना क्षेत्र के सारोगोरा पंचायत अंतर्गत बेलगच्छी गांव निवासी सिमन मरांडी, पिता संतोष मरांडी, 22 वर्ष और सुशील किस्कू, पिता गोपाल किस्कू, 16 वर्ष, शनिवार दोपहर बाइक से ठाकुरगंज प्रखंड के डांगी गांव जा रहे थे. वहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया था.

ई-रिक्शा से आमने-सामने हुई टक्कर

तैयबपुर हाजी चौक के समीप ठाकुरगंज की ओर से आ रहे ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आयी थीं और काफी खून बह रहा था.

ओपी प्रभारी ने समय पर पहुंचकर अस्पताल भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही चिचुआबाड़ी ओपी प्रभारी ब्रज किशोर बैजु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस के पहुंचने का इंतजार किये बिना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल युवकों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.

एक युवक की हालत बेहद नाजुक

घायलों की पहचान सिमन मरांडी और सुशील किस्कू के रूप में हुई है. इनमें सिमन मरांडी की हालत बेहद नाजुक बतायी जा रही है. हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें लगी हैं. अधिक खून बहने की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी काफी चिंतित हैं.

ई-रिक्शा चालक मौके से फरार

हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा और उसके चालक के संबंध में जानकारी एकत्र करनी शुरू कर दी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

करीब आधे घंटे तक सड़क पर लगा रहा जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. इससे किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्यपथ पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गयी और करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ हटायी और यातायात को सामान्य कराया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बेलगच्छी गांव के श्यामल टुडू ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन किशनगंज के लिए रवाना हो गये. घायल सिमन मरांडी की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन अस्पताल में दोनों युवकों के बेहतर इलाज और जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >