सीमांचल के किशनगंज जिले अंतर्गत टेढ़ागाछ प्रखंड की कालपीर पंचायत स्थित बीबीगंज से रविवार को 'डाक बम सेवा समिति' का सेवादल पवित्र सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर अवरखा कटोरिया के लिए रवाना हुआ. समिति का यह सेवादल सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर (बाबा धाम) की ओर कठिन पैदल यात्रा कर रहे डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता में अपना योगदान देगा.
कांवड़ियों के लिए भोजन, फल और गर्म चाय की व्यवस्था
समिति के सदस्यों ने बताया कि अवरखा कटोरिया मार्ग पर स्थापित सेवा शिविर में पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सेवा के दौरान कांवड़ियों के लिए ठंडा एवं गर्म पीने का पानी, लेमन टी, स्पेशल चाय, ड्राई फ्रूट्स, केला, सेब, पेड़ा, पेठा सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी.
दर्द निवारक दवा और मालिश की मिलेगी नि:शुल्क सुविधा
कठिन और अनवरत पैदल यात्रा के कारण डाक बम श्रद्धालुओं के पैरों में पड़ने वाले छालों और शारीरिक थकान को दूर करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. शिविर में दर्द निवारक दवाएं, विक्स स्प्रे, दर्दनाशक बाम और ठंडे तेल से मालिश (मसाज) जैसी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को तुरंत राहत मिल सके.
परमात्मा साह और गोपाल शर्मा के नेतृत्व में निकला जत्था
समिति के व्यवस्थापक परमात्मा साह एवं गोपाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में सेवादल के सदस्य बीबीगंज से रवाना हुए. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ सेवादल को विदा किया और इस मानवीय व धार्मिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की. इस सेवादल में परमात्मा साह, शिवनारायण केसरी, प्यारचंद साह, सुधीर साह, चंदन साह, पंकज साह, कमलेश साह, गायत्री साह, सुलेखा साह, कौशल्या साह, फूलकुमारी साह एवं रूपा साह मुख्य रूप से शामिल हैं. इसके अलावा यात्रा के दौरान रूपेश साह ऑपरेटर तथा मिस्टर चालक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे.
