दिघलबैंक बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है. इसीक्रम में शुक्रवार को कस्टम विभाग किशनगंज के सुपरिटेंडेंट वीरेंद्र कुमार एवं इंस्पेक्टर उज्ज्वल प्रकाश ने भारत-नेपाल सीमा स्थित पीलर संख्या 134 स्थित चेकपोस्ट पर निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीमा पार गतिविधियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. इस मौके पर एसएसबी 12वीं वाहिनी की एफ कंपनी दिघलबैंक के सहायक कमांडेंट प्रियरंजन चकमा के साथ विस्तृत चर्चा हुई. दोनों अधिकारियों ने सीमा पर तैनात बलों को सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए.अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान सीमा पार अवैध आवागमन, शराब, नकदी या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय से निगरानी को और मजबूत किया गया है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
