दिघलबैंक. विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु एसएसबी 12वीं वाहिनी के एफ समवाय, दिघलबैंक में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, सहायक कमांडेंट प्रिय रंजन चकमा एवं नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के इंस्पेक्टर प्रेम कुमार भी शामिल हुए दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच सीमावर्ती सुरक्षा और चुनाव अवधि के दौरान आपसी सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया. चुनाव के मद्देनज़र सीमा पर अवैध तस्करी, ड्रग्स ट्रैफिकिंग और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण। सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना. असामाजिक एवं देशविरोधी तत्वों पर सतर्क निगरानी रखना. सीमावर्ती जनता में सुरक्षा की भावना एवं सतर्कता को बढ़ावा देना. संयुक्त गश्ती एवं सूचना आदान-प्रदान तंत्र को मजबूत करना, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके. स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना, जिससे नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को दें. एसएसबी, एपीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाना. बैठक के उपरांत अधिकारियों ने समवाय परिसर और सीमा चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की. इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या चुनाव में बाधा डालने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा सके. एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बल पूरी तरह चौकस हैं और चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वयपूर्वक कार्य कर रही हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
