दिघलबैंक एसएसबी 12वीं वाहिनी किशनगंज की ई समवाय मोहामारी सीमा चौकी काजला में सशस्त्र सीमा बल व स्थानीय ग्रामीणों के बीच एक महत्वपूर्ण ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में स्थानीय ग्रामवासी एवं एसएसबी के अधिकारी व जवान उपस्थित थे. इस बैठक की अध्यक्षता 12वीं वाहिनी के उप कमांडेंट दिनेश कुमार ने की, जबकि ई समवाय मोहामारी के प्रभारी निरीक्षक चैतन्य केशव विशेष रूप से मौजूद थे. बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ करना, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा. बैठक को संबोधित करते हुए उप कमांडेंट दिनेश कुमार ने ग्रामीणों को आमंत्रण के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए एसएसबी एवं ग्रामीणों का आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर विशेष बल दिया. उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है तथा इससे गंभीर बीमारियां जन्म लेती है. बैठक में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मानव तस्करी पर रोक, सीमा पार अवैध गतिविधियों, घुसपैठ और देशविरोधी तत्वों पर नजर रखने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका को अनिवार्य बताया गया. बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों की सराहना की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
