भाजपा का ”पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान” संपन्न, संगठन की मजबूती पर जोर
पोठिया. बुधरा पंचायत स्थित आजाद उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम ”पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” के अंतर्गत पोठिया मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करना, संगठनात्मक बारीकियों से अवगत कराना और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए तैयार करना था.प्रशिक्षण शिविर में मंडल के पदाधिकारियों से लेकर शक्तिकेंद्र प्रमुखों व बूथ अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख संजय उपाध्याय, जिला महामंत्री कौशल झा और जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह उपस्थित रहे. वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ”अंत्योदय” है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही पार्टी की प्राथमिकता है.
बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने का आह्वान
जिला 20 सूत्री सदस्य सह पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि संजय उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की असली रीढ़ होता है. उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं. प्रशिक्षण के दौरान सदस्यता अभियान, प्रभावी बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
संगठन की मजबूती का लिया संकल्प
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए व संगठन को पंचायत स्तर पर व अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर में अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री कौशल किशोर यादव, जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुशील कुमार, तेनु सिंह व मंडल उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह सहित कई दिग्गज मौजूद रहे.
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण की झलक भी देखने को मिली, जहां महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुजाता देवी और शोभा रानी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. साथ ही रवि सिंह, विष्णु सिंह, चंद्रदेव दास, अजय यादव व मुखिया सिराजुद्दीन सहित पोठिया मंडल के सभी शक्ति केंद्र प्रमुखों ने इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.