पहाड़कट्टा.र्राबाड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत अंतर्गत फर्राबाड़ी गांव निवासी एक युवक की मौत डोंक नदी में डूबने से हो गयी. मृतक की पहचान मो अंजिल (28 वर्ष) पिता सलमुद्दीन के रूप में हुई है. डोंक नदी से गुरुवार को शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 11 बजे मो अंजिल घर से निकल कर नजदीक के डोंक नदी में मछली पकड़ने गया था. मछली पकड़ते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और पानी की तेज धारा और गहराई की वजह से वह बाहर नहीं निकल सका. परिजनों ने बताया कि अंजिल शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की थी. नदी किनारे घंटों खोजबीन की गई,लेकिन कही पता-पता नहीं चल सका. गुरुवार को स्थानीय गोताखोर नदी में उतरे. कुछ देर बाद अचानक अंजिल का शव पानी में तैरता दिखाई दिया. शव मिलते ही मृतक की पत्नी अजमीरा खातून,मां अफजून खातून बेहोश हो गिर गई. नदी के तट पर काफी भीड़ उमड़ पड़ी थी. हर किसी की आंखें नम थी. ग्रामीणों का कहना है कि लोगों में डर बना है. कई लोगों ने आशंका जताई है कि उसके साथ कुछ शैतानी हरकत हुआ था. लोग बार-बार यही कह रहे थे कि उसे पानी में दबा दिया गया. अंजिल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था. बारह साल पहले उसने गांव में ही प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह अलग रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह अपने पीछे पत्नी,दो पुत्री और दो पुत्र को छोड़ कर गया है. मृतक की पत्नी अजमीरा खातून लगातार यही कह रही थी कि अब बच्चों का भविष्य कौन संभालेगा. बेटियों की शादी कैसे होगी. ईधर घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया शब्बीर आलम,पंचायत समिति सदस्य हिलाल और सरपंच प्रतिनिधि शफकक्त पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. सभी ने परिवार को दिलासा दिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया है. स्थानीय लोग प्रशासन से सहायता देने की मांग कर रहे हैं. सूचना मिलते ही अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. सीओ मोहित राज ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सरकारी नियम के तहत मुआवजा के तौर पर अनुग्रह राशि परिजनों को दी जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
