बहादुरगंज पुलिस ने 9 ओवरलोड बालू लदे ट्रक किए जब्त, जांच में 4 वाहनों पर कार्रवाई

बहादुरगंज पुलिस ने एनएच-327ई पर ओवरलोड बालू लदे नौ ट्रकों को जब्त किया है. प्रशासनिक निर्देश के बाद हुई इस कार्रवाई में, खनन विभाग की जांच में चार ट्रकों के कागजात में खामियां पाई गईं, जिन पर अब कानूनी कार्रवाई होगी. पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है.

Kishanganj Sand Overloading: बहादुरगंज (किशनगंज). बहादुरगंज पुलिस ने मंगलवार सुबह एनएच-327ई स्थित एलआरपी चौक के समीप ओवरलोड बालू लदे नौ ट्रकों को जब्त किया. सभी ट्रक ठाकुरगंज रोड पर खड़े थे. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहनों को कब्जे में लिया और जांच के लिए जिला खनन विभाग को सूचना दी.

सूचना के बाद हुई त्वरित कार्रवाई

जानकारी के अनुसार किसी व्यक्ति ने ओवरलोड ट्रकों की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी थी. प्रशासनिक निर्देश मिलते ही बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी ट्रकों को जब्त कर लिया. इसके बाद खनन विभाग की टीम को जांच के लिए बुलाया गया.

जांच में पांच ट्रकों को मिली राहत

खनन विभाग ने मौके पर पहुंचकर ट्रकों के चालान और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. जांच के दौरान पांच ट्रकों के कागजात सही पाए जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया. वहीं चार ट्रकों के दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गयी.

चार ट्रकों पर होगी कानूनी कार्रवाई

खनन विभाग के अनुसार जिन चार ट्रकों के कागजात में खामियां मिली हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार आर्थिक दंड लगाने और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.

पुलिस को देखकर बालू गिराकर भागने का प्रयास

अपर थानाध्यक्ष रंजीत भारती ने बताया कि पुलिस टीम को देखकर कुछ ट्रक चालकों ने कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से अपने वाहनों से बालू सड़क पर गिरा दिया, जिससे मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया. इसके बाद चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगे. हालांकि पुलिस ने सूझबूझ से सभी ट्रकों को कब्जे में ले लिया.

अभियान रहेगा जारी

Kishanganj Sand Overloading: पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नरेंद्र कुमार झा

नरेंद्र कुमार झा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बहादुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >