ठाकुरगंज.खराब मौसम के कारण गुरुवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी जनसभा के लिए ठाकुरगंज चुरली मेला मैदान नहीं पहुंच सके. जिसके कारण उन्होंने मोबाइल से जनसभा को संबोधित किया. श्री मरांडी जदयू प्रत्याशी गोपाल अग्रवाल के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए आने वाले थे. चुरली मेला मैदान में भारी वर्षा के बाबजूद बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. लेकिन बाबूलाल मरांडी के नहीं आने से लोगों को निराशा हुई. इस दौरान मोबाइल से जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के कार्यों को गिनाया. इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और नीतीश कुमार की राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई. इस दौरान उन्होंने लोगो से 19 साल पहले वाले बिहार को याद करने को कहा और कहा कि याद कीजिये बिहार की कैसी बदहाल तस्वीर थी. कौन रहना और कौन आना चाहता था बिहार. बिहार में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी और एनडीए का साथ मिला. तब बिहार की पूरी तस्वीर ही बदल गई. हर एक गांव तक सड़क बनी, बिजली और हर घर नल का जल पहुंचा . आज हमारे बच्चे स्कूल जा रहे हैं. बच्चों को स्कूल ड्रेस, लड़कियों को साइकिल, स्कॉलरशिप मिला. आदिवासियों को सम्मान मिला. आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी है. एनडीए ने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया. आज बिहार विकास के मामले में तेज रफ्तार पकड़ चुका है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे तो ताज्जुब होता है ऐसे कुछ लोगों पर जो आज भी हाथ में लालटेन लेकर घूम रहे हैं. लेकिन बिहार के लोग 20 साल पहले वाले बिहार को भूले नहीं, जब चारों ओर जंगलराज कायम था. अपराध और अपराधियों का बोलबाला था. बहू बेटियां बाहर निकलने से डरती थी. आज वो खुलकर घूम रही हैं. केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है. बिहार के विकास को रफ्तार देने के लिए 2025 के चुनाव में फिर से सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनाने की जरूर है. इस दौरान जदयू प्रत्याशी गोपाल अग्रवाल ने भी सभा को संबोधित किया वही इस दौरान पूर्व विधायक सह उर्दू परामर्श धात्री के अध्यक्ष नौशाद आलम,किशनगंज नगर परिषद के अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान,भाजपा नेता कौशल किशोर यादव,बिजली सिंह,अरुण सिंह,अजय राय,जदयू नेता नजरूल,मुकेश हेंब्रम,सुबोध टुडू, आदि नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया .
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
